क्या आप खर्चीले हैं या पैसे बचाने वाले

बचत और खर्च के प्रति अपने दृष्टिकोण में संतुलन कैसे लाएं, यह जानें

मुख्य बातें:

  • जब पैसे की बात आती है, तो खर्च करने और बचत करने का व्यवहार एक 'स्पेक्ट्रम' की तरह होता है। कोई बहुत बचत करने वाला होता है तो कोई बहुत खर्चीला, हालांकि ज़्यादातर लोग इन दोनों के बीच में आते हैं, भले ही हमें लगता हो कि हम बहुत बचत करते हैं।
  • आपके शुरुआती जीवन के अनुभव पैसे के बारे में आपके सोचने और महसूस करने के तरीके को एक निश्चित आकार देते हैं, लेकिन आप पैसे के साथ अपने रिश्ते को बदल सकते हैं।
  • कुछ सरल जीवनशैली संबंधी सुझावों का उपयोग करके आप अपने खर्च और बचत के प्रति संतुलित दृष्टिकोण अपना सकते हैं। इससे आपको अपनी मेहनत का आनंद अभी लेने के साथ-साथ भविष्य के लिए बचत करने में भी मदद मिल सकती है। 

हम यह कल्पना करना पसंद करते हैं कि पैसे के प्रबंधन के बुनियादी नियम सीधे-सादे हैं: जितना आप कमाते हैं, उससे कम खर्च करें और भविष्य के लिए कुछ पैसे बचाकर रखें। लेकिन वास्तविकता में यह इतना सरल कभी नहीं होता है। पैसा एक जटिल और भावनात्मक मुद्दा हो सकता है—और यह आपके बचत करने और खर्च करने के तरीके को प्रभावित कर सकता है।

चाहे आप खुद को खर्चीला मानते हों या बचत करने वाला समझते हों, पैसे के साथ अपने रिश्ते में संतुलन बनाना ही अपनी मनचाही ज़िंदगी जीने की चाबी हो सकती है। तो आप इस प्रश्न का उत्तर कैसे देंगे: क्या आप अपना पैसा खर्च करते हैं या बचाते हैं? हम में से कई लोगों के लिए, उत्तर इस बात पर निर्भर करता है कि हम कब पैदा हुए थे।
 

जीवन के बाद के चरणों में वयस्क लोग खर्चीले के रूप में अपनी पहचान कम ही करते हैं।

जीवन के शुरुआती दौर में, पैसे की कमी हो सकती है, इसलिए बचत को प्राथमिकता नहीं दी जाती है।  जैसे-जैसे हम अपनी आर्थिक यात्रा पर आगे बढ़ते हैं, हमारे अनुभव बढ़ते जाते हैं और मुमकिन है कि समय के साथ हमारे नज़रिए और सोच में बदलाव आता जाए।

"जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, पैसे को लेकर हमारी सोच भी बदलती जाती है: युवावस्था में हम पैसे को लेकर शायद उतना सहज महसूस न करें, लेकिन जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, हम पैसे को लेकर ज़्यादा सुरक्षात्मक और उसमें ज़्यादा दिलचस्पी लेने लगते हैं," यह मेगन मैककॉय, PhD, का विचार है। वह एक लाइसेंस्ड मैरिज और फ़ैमिली थेरेपिस्ट, एक मान्यता प्राप्त फ़ाइनेंशियल काउंसलर, और पर्सनल फ़ाइनेंशियल प्लानिंग की यूनिवर्सिटी प्रोफ़ेसर हैं। उनकी रिसर्च फ़ाइनेंशियल थेरेपी पर केंद्रित है, यानी पैसे और भावनाओं के बीच संबंधों की पड़ताल पर।

बचत की ओर झुकाव का एक और कारण पूरी तरह से विकसित मस्तिष्क हो सकता है। "हमारे कार्यों के भविष्य के परिणामों पर चिंतन करने की हमारी क्षमता हमारे 'फ्रंटल लोब' द्वारा निर्धारित होती है। रिसर्च से पता चला है कि हमारा फ्रंटल लोब उम्र के तीसवें दशक के मध्य तक पूरी तरह से परिपक्व नहीं होता है," मैककॉय कहती हैं।

क्या ऐसा कोई तरीका है कि हम ज़िंदगी भर पैसे बचाएं भी और खुलकर खर्च भी कर सकें? हां! आप बचत और खर्च के मामले में अपनी स्थिति का बारीकी से विश्लेषण करके शुरुआत कर सकते हैं।
 

बचत करने वाला बनाम खर्चीला व्यक्ति: क्या यह सब मस्तिष्क से संबंधित है?

बचत करने वाला या खर्चीला होने की प्रबल प्रवृत्ति का बहुत कुछ संबंध भावनाओं और आपके मस्तिष्क की संरचना से हो सकता है।

"मस्तिष्क संबंधी अध्ययनों से पता चला है कि जो लोग खुद को 'बचत करने वाला' मानते हैं, उनके दिमाग का वह हिस्सा जो दर्द को महसूस करता है, खर्च करते समय उन लोगों की तुलना में ज़्यादा सक्रिय हो जाता है जो 'खर्चीले' होते हैं। खर्च करने से उन्हें सचमुच दूसरों के मुकाबले ज़्यादा तकलीफ़ होती है", मैककॉय कहती हैं।

इसके विपरीत, रिसर्च में पाया गया है कि जो लोग पैसा खर्च करने की प्रवृत्ति रखते हैं, उन्हें खर्च करने से उतना दर्द या परेशानी महसूस नहीं होती। दिलचस्प बात यह है कि शोधकर्ताओं ने पाया है कि चीज़ों और सुख-सुविधाओं की चाहत जितनी एक खर्च करने वाले इंसान में होती है, उतनी ही एक बचत करने वाले इंसान में भी हो सकती है। दोनों ही समान रूप से 'भौतिकवादी' हो सकते हैं। ऐसा नहीं है कि खर्च करने वालों की चाहत अधिक होती हैं; बस इतना है कि खर्च करते समय उन्हें कम दर्द महसूस होता है।
 

हम जैसे हैं, वैसे क्यों हैं

तो ऐसा क्यों होता है? एक ही परिवार के कुछ सदस्य बचत करने वाले कैसे बन जाते हैं जबकि दूसरे खूब खर्च करने की प्रवृत्ति रखते हैं? यह हमारे बचपन से ही शुरू हो जाता है।

"बड़े होने और वयस्क बनने की प्रक्रिया के दौरान, लोग अपनी ज़िंदगी में पैसों से जुड़े कई बड़े व महत्वपूर्ण पलों का अनुभव करते हैं। कभी-कभी ये पल अच्छे होते हैं और कभी-कभी बुरे, लेकिन वे अक्सर पैसे के साथ हमारे रिश्ते पर एक स्थायी छाप छोड़ते हैं," मैककॉय बताती हैं।

इसमें बचपन में गरीबी का अनुभव करना या अपने माता-पिता को पैसे को लेकर झगड़ते हुए देखना शामिल हो सकता है। या यह सकारात्मक अनुभव भी हो सकते हैं जैसे पैसों का बजट बनाने संबंधी पारिवारिक चर्चाएं या किसी बड़ी छुट्टी पर जाना जिसके लिए आपके परिवार ने बचत की हो।

"हमारे पैसे के अनुभव हमें यह समझने की कोशिश करने की ओर ले जाते हैं कि पैसा हमारे जीवन में और दुनिया में कैसे काम करता है," मैककॉय कहती हैं।

भले ही पैसों से जुड़े हमारे शुरुआती अनुभव हमारे व्यक्तित्व को प्रभावित करते हों, लेकिन वे जीवन भर के लिए हमारी पहचान तय नहीं करते। अपनी परवरिश और अनुभवों पर विचार करें और तय करें कि आप पैसे से जुड़े किन आदर्शों या मूल्यों को बनाए रखना चाहते हैं और किन्हें छोड़ना चाहते हैं।
 

खर्च और बचत का बैलेंस कैसे बनाएं

अगर आप पैसे से जुड़ी नई आदतें सुधारना चाहते हैं, तो अपने पुराने ढर्रे पर चलने के बजाय कुछ जीवनशैली संबंधी तरकीबें आजमाइए।

"लक्ष्य यह नहीं है कि आप बचत करने वाला बनें या खर्चीला बनें—आप अपने जीवन के लिए जो उपाय अपनाते हैं, वे आपकी स्वाभाविक प्रवृत्ति को संतुलित करने पर केंद्रित होने चाहिए," यह कहना है मैककॉय का।
 

खर्चीला स्वभाव वालों के लिए विचारणीय बातें

  • वित्तीय निर्णय जैसे निवेश या बचत को ऑटोमेटिक मोड पर डाल देने से आप भावनाओं को अलग रख सकते हैं और बचत की एक मज़बूत नींव बना सकते हैं। हर सैलरी चेक के साथ बचत खातों में ऑटोमेटिक ट्रांसफ़र सेट करने और अगर उपलब्ध हो, तो वर्कप्लेस बचत योजना में शामिल होने पर विचार करें। और फिर समय-समय पर अपनी निरंतर बचत यात्रा का जश्न मनाने के लिए कुछ पल निकालें। छोटी-छोटी चीजों का जश्न मनाना आपको जीवन भर बचत करने के सफर पर बने रहने में मदद कर सकता है।
     
  • नकद खर्च करें, उधार नहीं। नकद प्रबंधन के लिए लिफाफा सिस्टम पर विचार करें। लिफाफा सिस्टम खर्चों को नियंत्रित करने का एक अनुशासित तरीका है, जो आपको अपने बचत लक्ष्यों तक पहुंचने में मदद करता है और यह सुनिश्चित करता है कि पैसे की कमी होने पर आप खरीदारी के लिए क्रेडिट कार्ड का सहारा न लें। प्रत्येक लिफाफे के लिए एक खर्च कैटेगरी निर्धारित करने और प्रत्येक कैटेगरी में नकद राशि आवंटित करने के बाद, अगले वेतन दिवस तक प्रत्येक कैटेगरी के लिए लिफाफे में मौजूद धनराशि ही आपको मिलेगी। जब उस महीने लिफाफे से पैसे खत्म हो जाते हैं—तो बस बात खत्म। अतिरिक्त धन बचत में जमा हो जाता है। आप किसी ऐप या स्प्रेडशीट का इस्तेमाल करके इस विधि में डिजिटल अप्रोच भी अपना सकते हैं। इससे आपको जवाबदेह बने रहने में मदद मिल सकती है और रिसर्च से पता चला है कि पैसे को उसके निर्धारित लिफाफे से निकालकर किसी और चीज़ के लिए इस्तेमाल करने में मानसिक प्रतिरोध का एक अतिरिक्त स्तर रहता है। अगर आप कैटेगरी का नाम लिखें और फिर लिफाफे को सील करें, तो यह उपाय भी मददगार हो सकता है।
     
  • ऑनलाइन शॉपिंग का आनंद लें, लेकिन कुछ खरीदें नहीं। अपनी कार्ट में ढेर सारी चीज़ें भरना उतना ही आनंददायक हो सकता है जितना कि वास्तव में चीज़ें खरीदना (और ऑनलाइन कार्ट में ढेर सारी चीज़ें भरना बहुत आसान है)। लेकिन कभी-कभी, जब पार्सल घर पहुंच जाते हैं, तो हमें खरीदारी का पछतावा होने लगता है। इसलिए, सीधे 'चेकआउट' पेज पर जाने के बजाय, सब सामान अपने कार्ट में डालें और 24 घंटे इंतज़ार करें। फिर वापस जाकर तय करें कि आप वास्तव में क्या चाहते हैं—कुछ चाहते भी हैं या नहीं। मैककॉय कहती हैं कि अक्सर जैसे ही खरीदारी के लिए क्लिक करने का रोमांच खत्म होता है, हम उन चीज़ों को एक अलग नज़रिए से देखने लगते हैं।
     
  • इस बारे में सोचें कि जो चीज़ आप खरीद रहे हैं, उसकी कीमत के बराबर पैसा कमाने के लिए आपको कितनी देर काम करना पड़ेगा।आपका समय कीमती है। यह विचार करना महत्वपूर्ण है कि प्रत्येक खरीदारी में आपका कितना समय लगता है। इस सुझाव पर गौर करें – जब भी कोई महंगी वस्तु लेने का मन हो, तो विचार करें कि उसे पाने के लिए आपको अपनी ज़िंदगी के कितने घंटे मेहनत करनी पड़ेगी। सवाल यह है कि क्या यह इसके लायक है - कभी-कभी ऐसा होता है, कभी-कभी नहीं।  
     

बचत करने का स्वभाव वालों के लिए विचारणीय बातें

  • मनोरंजन के लिए निर्धारित व्यय खाते में पैसे ट्रांसफ़र करें। "और फिर जब आप मौज-मस्ती के लिए रखे गए पैसे का इस्तेमाल करते हैं, तो आपको कभी भी तनाव या चिंता का अनुभव नहीं होना चाहिए क्योंकि आपने यह सुनिश्चित करने के लिए एक योजना बनाई है कि वह पैसा इस्तेमाल करने के लिए सुरक्षित है। और मुझे लगता है कि इससे थोड़ी मानसिक शांति मिलती है," मैककॉय कहती हैं।
     
  • गैर-नकद भुगतान विकल्पों पर विचार करें—क्योंकि नकद खर्च करने की तुलना में कार्ड से खर्च करना बेहतर महसूस होता है, जैसा कि अध्ययनों से पता चला है। अगर आप हर महीने बिल का भुगतान करते हैं, तो रिवॉर्ड्स या कैशबैक कार्ड के ज़रिए आप फायदे में भी रह सकते हैं।
     

पैसे के प्रति संतुलित दृष्टिकोण आपको खुश रख सकता है

आप खर्च करने और बचत करने के मामले में चाहे जिस भी स्थिति में हों, पैसों का सोच-समझकर प्रबंधन करने से आपको लाभ हो सकता है। अपने पैसों के साथ संतुलन बनाना आपको अपने अल्पकालिक और दीर्घकालिक लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद कर सकता है और इस दौरान आपको कुछ आनंद भी मिल सकता है।
 

1247954.1.2